उत्तराखंड में आज मौसम करवट बदल सकता है और कई जिलों में झमाझम बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाकों में 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी दी है। इसी को देखते हुए राज्य में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
उत्तराखंड मौसम विभाग के मुताबिक, पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज‑चमक और तेज हवाओं (40-50 किमी प्रति घंटा) की संभावना है। विशेषकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं‑कहीं बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं मैदानी क्षेत्रों जैसे हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में भी बारिश, गरज‑चमक और तेज हवाओं (50-60 किमी प्रति घंटा) का खतरा बताया गया है।
राजधानी देहरादून में आज मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने का रहेगा, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30°C और 17°C के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 4‑5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री तक गिरावट का भी अनुमान जताया है। फिलहाल, पौड़ी में बारिश शुरू हो गई है और तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।