देहरादून में यूपी के B.Tech छात्र की पीट-पीटकर हत्या, 15 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, 3 गिरफ्तार

By New31 Uttarakhand

देहरादून के Prem Nagar इलाके से एक बेहद चिंताजनक और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां कॉलेज में आपसी वर्चस्व को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। जानकारी के मुताबिक, बीटेक के छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि वह खूनी झड़प में बदल गया। इस दौरान 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस खराब होने के चलते पुलिस ने खुद अपने वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मामले में प्रेम नगर पुलिस चौकी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुल 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष के छात्र प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं और उनके बीच पहले से ही वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था, जो 23 मार्च की रात हिंसक झड़प में बदल गया। एसपी सिटी  प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कॉलेजों में बढ़ती आपसी रंजिश और हिंसा कब थमेगी और युवाओं का गुस्सा कब तक इस तरह जानलेवा बनता रहेगा।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.