दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन शुरू हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते खौफनाक हत्याकांड में बदल गया। पानी से भरे गुब्बारे की एक छोटी सी घटना ने दो पड़ोसी परिवारों के बीच ऐसी हिंसा को जन्म दिया जिसमें 26 वर्षीय युवक तरुण कुमार की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और तीन महिलाओं को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।यह घटना 4 मार्च को होली के दिन जेजे कॉलोनी में हुई। जानकारी के मुताबिक, इलाके में खेल रही एक बच्ची ने पानी से भरा गुब्बारा फेंका जो पास से गुजर रही महिला सायरा के कपड़ों पर जा गिरा। इसी बात को लेकर सायरा और पड़ोसी परिवार के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि सायरा ने इस बात पर अपने परिवार के अन्य लोगों को बुला लिया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई।पुलिस के मुताबिक, गुब्बारे की इस घटना को लेकर बढ़े विवाद में सायरा और उसके परिवार के लोगों ने गुस्से में आकर पड़ोसी युवक तरुण कुमार को निशाना बना लिया।
आरोप है कि झगड़े के दौरान कई लोगों ने मिलकर तरुण पर हमला किया।इस झगड़े में तरुण को गंभीर रूप से पीटा गया और धारदार हथियार से भी हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हमले में बुरी तरह घायल होने के बाद तरुण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था और कई आरोपी फरार हो गए थे। दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान जाल बिछाकर तीन महिलाओं—सायरा, शरीफ और सलमा—को ख्याला इलाके से हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि सायरा ही इस पूरे विवाद की मुख्य वजह मानी जा रही है।इसके अलावा पुलिस ने कई अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनमें उमरदीन, जुम्मादीन, कमरुद्दीन, मुस्ताक, मुजफ्फर, ताहिर और इमरान उर्फ बंटी शामिल हैं। एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।इस मामले के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को नगर निगम और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी उमरदीन के जेजे कॉलोनी स्थित घर के अवैध हिस्से पर बुलडोजर चलाकर उसे गिरा दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई।
अधिकारियों का कहना है कि इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है और अवैध निर्माण के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।तरुण की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। किसी भी तरह की दोबारा हिंसा को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की हर कड़ी को जोड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।यह घटना इस बात की दुखद मिसाल बन गई है कि कभी-कभी एक छोटी सी बात भी गुस्से और हिंसा के कारण बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।