रुड़की के झबरेड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। झबरेड़ी कलां गांव में एक युवक ने अपनी 22 वर्षीय बहन रूपा और पड़ोस में रहने वाले 24 वर्षीय सूरज उर्फ मुन्ना को गोली मार दी। दोनों के सीने में गोली लगने की बात सामने आई है। परिजन दोनों को गंभीर हालत में झबरेड़ा के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान अमन उर्फ भरोसी सिंह, उम्र करीब 20 वर्ष, के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी में वारदात के पीछे बहन और पड़ोसी युवक के बीच प्रेम प्रसंग का शक सामने आ रहा है, जिसके चलते पुलिस इसे ऑनर किलिंग के एंगल से भी जांच रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इसे अंतिम रूप से ऑनर किलिंग घोषित नहीं किया है और प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी देहात अभय कुमार सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की भूमिका सामने आई है और उसे जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है।