देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में अगले 12 घंटों के भीतर तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज तापमान 45 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन 28 मई से मौसम बदलने की उम्मीद है और बारिश के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं उत्तर प्रदेश के लखनऊ, नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत कई जिलों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
उधर बिहार के 24 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4 से 5 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 28 मई से बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर शुरू होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि बदलते मौसम के बीच लोग गैर-ज़रूरी यात्रा से बचें, खुले स्थानों पर खड़े न हों और मौसम से जुड़ी अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।