चेन्नई: पिछले दिनों तमिलनाडु के राजनीतिक रणनीतिकार आधव अर्जुन ने सुपरस्टार रजनीकांत के राजनीतिक करियर को लेकर विवादित टिप्पणी की। आधव ने कहा था कि डीएमके परिवार ने रजनीकांत को धमकियां दीं और उन्हें राजनीति में कदम रखने से रोका। इस बयान के बाद रजनीकांत और उनके फैंस ने इसे अपमानजनक माना।
रजनीकांत ने कुछ साल पहले राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लिया था, लेकिन उनके राजनीतिक करियर को वह सफलता नहीं मिल पाई, जिसके लिए उन्हें उम्मीद थी। इस पर आधव अर्जुन ने तंज कसा था, जो सुपरस्टार के प्रशंसकों और समर्थकों को नागवार गुजरा।
इस विवाद के बीच, रजनीकांत ने मंगलवार को अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट कर धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “मैं उन सभी लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने उनकी अपमानजनक टिप्पणियों की निंदा की और मेरे समर्थन में अपनी आवाज उठाई।”
रजनीकांत ने पोस्ट में तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता एडप्पादी पलानीस्वामी, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, तमिलनाडु के मंत्री रघुपति, थोल. थिरुमावलवन, एस.पी. वेलुमणि और अपने दोस्तों अन्नामलाई, अर्जुनमूर्ति, अंबुमणि रामदास, जी.के. वासन, जॉन पांडियन, पुगाझेंधी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के अन्य नेताओं का धन्यवाद किया।
साथ ही उन्होंने फिल्म जगत के दोस्तों अमीर, जी. धनंजयन, और मीडिया प्रतिनिधियों नकीरन गोपाल, रंगराज पांडे (चाणक्य) का भी आभार व्यक्त किया। रजनीकांत ने अपने प्रशंसकों का भी शुक्रिया अदा किया और कहा, “आप सबने मुझे संभाला और मेरा हौसला बढ़ाया है। मैं अपने प्रशंसकों को देवताओं की तरह पूजता हूं।”
इस पोस्ट के बाद रजनीकांत के प्रशंसक और समर्थक सोशल मीडिया पर एकजुट होकर सुपरस्टार का समर्थन कर रहे हैं।