अल्मोड़ा में मंच सज चुका था, हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के इंतजार में थे, लेकिन ऐन वक्त पर मौसम ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बहुप्रतीक्षित अल्मोड़ा दौरा खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। लगातार बारिश, घने बादलों और खराब विजिबिलिटी के कारण उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा में लैंड नहीं कर सका। सुरक्षा कारणों को देखते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर को वापस मोड़ दिया, जिसके चलते सिमकनी मैदान में प्रस्तावित जनसभा रद्द करनी पड़ी। राहुल गांधी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर जुटे थे, लेकिन मौसम की मार के चलते उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
राहुल गांधी ने फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम में शामिल न हो पाने पर खेद जताया और कहा कि वह जल्द ही दोबारा उत्तराखंड आएंगे। गौरतलब है कि राहुल गांधी का यह दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था। अल्मोड़ा में जनसभा के अलावा पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद और देहरादून में पार्टी नेताओं, विधायकों तथा संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के साथ बैठक का कार्यक्रम भी तय था। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि खराब मौसम के कारण कार्यक्रम प्रभावित जरूर हुआ है, लेकिन राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा और संगठन को मजबूत करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।