उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज गुरुवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के दौरे पर रहेंगे। वह पहले देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह उत्तरकाशी के हर्षिल पहुंचे। वह गंगोत्री धाम के शीतकालीन गद्दी स्थल मुखवा में पूजा-अर्चना करेंगे। लगभग 11:30 बजे प्रधानमंत्री दिल्ली जाने को जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। मुखवा में पीएम के वेलकम के लिए गांव को फूलों से सजाया गया है। व्यू प्वाइंट भी बनाया गया है। इससे पीएम हर्षिल घाटी समेत माउंट श्रीकंठ व हॉर्न ऑफ हर्षिल देखेंगे। उत्तराखंड सरकार ने इस साल शीतकालीन पर्यटन शुरू किया है। माना जा रहा है कि पीएम के कार्यक्रम के बाद पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।
CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा – इस दौरे से अर्थव्यवस्था, होमस्टे टूरिज्म, बॉर्डर एरिया के गांव के डेवलपमेंट को गति मिलने की उम्मीद है। पीएम बनने के तीसरे कार्यकाल में उनका यह उत्तराखंड का दूसरा दौरा है। इससे पहले, PM 28 जनवरी को 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करने उत्तराखंड आए थे। कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री के द्वारा हर्षिल में जनसभा को भी संबोधित किया जाएगा। हर्षिल में जनसभा के लिए बड़ा पंडाल स्थापित करने के साथ ही साज-सज्जा कर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, एसपी सरिता डोबाल सहित प्रशासन व पुलिस के तमाम अधिकारी इन दिनों हर्षिल में तैनात है। प्रधानमंत्री के दौरे की व्यवस्थाओं को लेकर अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को हर्षिल क्षेत्र में तैनात किया गया है। क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है साथ ही बड़ी संख्या मे विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।