गैरसैंण विधानसभा में आज पांच दिवसीय बजट सत्र का तीसरा दिन है। आज के सत्र में बजट पर चर्चा के साथ कई महत्वपूर्ण विधेयकों को पास किया जाएगा।
यूकेडी ने स्थायी राजधानी बनाने की मांग की
यूकेडी के केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आशीष नेगी ने विधानसभा सत्र के दौरान सरकार से गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस पर कोई निर्णय नहीं लेती है तो पार्टी स्वयं बेरीकेडिंग कर नेताओं को रोकने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने दीवान कनवाल के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध लोक कलाकार दीवान कनवाल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीवान कनवाल ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और लोक संगीत को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पदक विजेता खिलाड़ियों को रोजगार की तैयारी
भाजपा विधायक सुरेश गढ़िया ने सवाल किया कि कितने पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी दी गई। इस पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि 2013 से 2023 तक 29 खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी दी गई है और शेष खिलाड़ियों को नौकरी देने की प्रक्रिया जारी है।
सेमल डाला में खेल स्टेडियम का निर्माण
कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने पीपल कोठी के सेमल डाला मैदान के विस्तार की मांग उठाई। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सेमल डाला में खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
विधायक धरने पर
आज के सत्र में कांग्रेस पार्टी नियम 310 के तहत भूमिधरी का मुद्दा उठाएगी। इसके अलावा हल्द्वानी विस क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों को लेकर विधायक सुमित विधानसभा भवन परिसर में धरने पर बैठ गए।