दिल्ली सरकार ने यातायात और प्रदूषण को लेकर नए नियम जारी किये हैं, उत्तराखंड रोडवेज की 194 बीएस4 बसों के लिए भी दिल्ली में नो एंट्री का नियम लागू किया गया है। दरअसल, बीते शुक्रवार को दिल्ली सरकार ने उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाली 194 बीएस4 रोडवेज बसों के लिए दिल्ली में नो एंट्री का नियम लागू कर दिया था। लेकिन इसके बावजूद उत्तराखंड रोडवेज की ओर से शनिवार को दो बीएस4 बसें भेजी गईं, इन दोनों बसों का दिल्ली में चालान किया गया। सूचना मिलने पर तुरंत सभी डिपो को बीएस4 बसें दिल्ली न भेजने के निर्देश दिए गए। उत्तराखंड से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दिल्ली सरकार की ओर से जारी इस नए नियम के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को अन्य वैकल्पिक साधन तलाश करने पड़ रहे हैं। जिससे उनका समय और खर्च दोनों पर प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा अधिकांश बसों के बंद होने से उत्तराखंड रोडवेज को रोजाना 30 लाख रुपए का नुकसान भी झेलना पड़ रहा हैं।
उत्तराखंड रोडवेज की 194 बसों के लिए दिल्ली में प्रदूषण के चलते नो एंट्री