उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 29 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। 24 और 25 सितंबर को उत्तराखंड के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 26 से 28 सितंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर को भी पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 सितंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। 25 सितंबर को बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 और 27 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। देहरादून के लिए IMD के पूर्वानुमान में 26-27 सितंबर को बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना भी जताई गई है।