हल्द्वानी-रुद्रपुर मार्ग पर बुधवार सुबह एक बस ने गर्भवती हथिनी को टक्कर मार दी। वही इस हादसे के बाद हथिनी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसकी सूचना मिलते ही वन अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि वन विभाग की टीम ने बस को सीज कर दिया। दरअसल हथिनी के एक पैर में गंभीर चोट आई है और घायल हथिनी का उपचार किया जा रहा था। डीएफओ यूसी तिवारी ने बताया कि, हथिनी को हरियाणा रोडवेज की बस से टक्कर लगी है, सुबह के समय हाथियों का झुंड सड़क पार कर रहा था तभी अचानक एक हथिनी रोडवेज बस के सामने आ गई, जिसमें उसको टक्कर लग गई और वह काफी ज्यादा घायल हो गई।
जिसके बाद डॉक्टर की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर रखे हुई थी। वही इलाज के दौरान उसे करीब 10 हजार की दवाईयां भी दी गईं। साथ ही गुड़, केले, घास और बांस भी खिलाया और टैंकर से पानी भी पिलाया। दरअसल 20 से ज्यादा कर्मचारी और तीन डॉक्टरों की टीम मौके पर सुबह से शाम तक जुटी रही। लेकिन आज दुखद ख़बर सामने आई की घायल हथिनी को बचाया नहीं जा सका। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घायल हथिनी के उपचार के जो इंतजाम करने थे और उसे जो उपचार देना था वो टीम ने दिया लेकिन फिर भी वो बच नहीं पायी।