हल्द्वानी में सोमवार का दिन आग की घटनाओं के नाम रहा। एक के बाद एक आग लगने की खबरों ने पूरे शहर को चिंता में डाल दिया है। पहले शहर के मुखानी स्थित केवीएम स्कूल में आग लग गई , इसके कुछ ही समय बाद मीरा मार्ग स्थित एक जूते की दुकान भी आग की चपेट में आ गई।और फिर अमरावती कॉलोनी में बिजली के खम्बे में भी आग लग गयी। दरअसल लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद लोग सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर हल्द्वानी में ऐसा क्या हो रहा है कि एक ही दिन में तीन-तीन जगह आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं? मुखानी क्षेत्र स्थित केवीएम स्कूल भवन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। स्कूल परिसर से धुआं उठता देख कर्मचारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
वहीं दूसरी ओर हल्द्वानी के व्यस्त मीरा मार्ग स्थित एक जूते की दुकान में भी भीषण आग लग गई। आग लगते ही दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में यहां भी शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। आपको बता दे कुछ ही दिन पहले नैनीताल रोड स्तिथ एक रेस्टॉरेंट में आग लगी थी इसलिए अब लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है और अब अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की बात कही जा रही है। फिलहाल राहत की बात यह है कि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन एक ही दिन में बार-बार लगी आग ने शहरवासियों को जरूर डरा दिया है।