बाराबंकी में जयमाला के दौरान सेल्फी लेने पर भड़का दूल्हा, दुल्हन को मारी लात

By New31 Uttarakhand

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामनगर इलाके से शादी समारोह के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां जयमाला के दौरान सेल्फी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, गणेशपुर निवासी मूर्तिकार शत्रुघ्न ने अपनी बेटी की शादी बहराइच जिले के मुराइनपुरवा निवासी विशाल से तय की थी। शुक्रवार रात बारात धूमधाम से पहुंची और द्वार पूजा के बाद जब दूल्हा-दुल्हन जयमाला के लिए स्टेज पर पहुंचे तो फोटो और सेल्फी लेने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान स्टेज पर आतिशबाजी और धक्का-मुक्की से नाराज़ दूल्हा अपना आपा खो बैठा और गुस्से में दुल्हन को लात मार दी, साथ ही ससुर के साथ मारपीट भी कर दी। इस घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और शादी का माहौल रणक्षेत्र में बदल गया। लाठी-डंडे और कुर्सियां चलने लगीं, जिससे अफरातफरी मच गई और इस झड़प में दोनों पक्षों के कम से कम पांच लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। इस मामले में क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पूरे मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दूल्हे की इस हरकत से आहत दुल्हन ने पहले शादी से इंकार कर दिया था और लड़की पक्ष ने दूल्हे पर नशे में होने का आरोप भी लगाया। हालांकि देर रात दोनों परिवारों के बीच बातचीत और समझौते के बाद शादी की बाकी रस्में पूरी कराई गईं और अंततः दुल्हन की विदाई भी कर दी गई।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.