उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा मंगलवार सुबह औरास थाना क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 262 के पास हुआ, जब दिल्ली से गोरखपुर जा रही बस अचानक डिवाइडर पर चढ़ गई, पुलिया से टकराई और पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 19 से 21 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बस के अंदर कई यात्री फंस गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है। मृतकों में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कैदी भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो बिहार पुलिस टीम के साथ सफर कर रहे थे। सभी घायलों को पहले औरास सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने, घायलों के बेहतर इलाज और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।