हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर है। ऊपरी गंगनहर की सालाना मरम्मत के चलते मंगलवार, 20 अक्टूबर की मध्यरात्रि से नहर का पानी बंद कर दिया गया है। इसका असर हरकी पैड़ी पर गंगा के जलस्तर पर भी दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक, नहर में पानी की आपूर्ति 7 नवंबर की मध्यरात्रि तक बंद रहेगी। इससे गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। त्योहारों के सीजन में इस बंदी से हरकी पैड़ी के आसपास कारोबार करने वाले व्यापारियों की चिंता भी बढ़ गई है, क्योंकि श्रद्धालुओं की संख्या घटने से उनके कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है।
ऊपरी गंगनहर की यह बंदी सिर्फ हरिद्वार तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के किसानों और दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों पर भी इसका असर पड़ सकता है। सालाना मरम्मत के दौरान नहर की सफाई, सिल्ट हटाने, पुलों और सिंचाई से जुड़े ढांचे की मरम्मत जैसे काम किए जाते हैं। इससे किसानों को सिंचाई के पानी की कमी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, अधिकारियों के मुताबिक हरकी पैड़ी पर श्रद्धालुओं के स्नान के लिए पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। ऐसे में हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को सलाह है कि यात्रा से पहले मौजूदा स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।