दिल्ली को मिला नया सीएम, आज नई सीएम का होगा शपथग्रहण

By New31 Uttarakhand

दिल्ली में बुधवार को मुख्यमंत्री के चुनाव का फैसला उसी अंदाज में हुआ, जिस अंदाज में T-20 के किसी मैच में सुपरओवर खेला जाता है। इस फैसले में रोमांच इतना था कि आखिर तक किसी के लिए भी ये बताना मुश्किल था कि बीजेपी ने मुख्यमंत्री के लिए किस नेता का चुनाव किया है। पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। सबसे दिलचस्प बात ये है कि चुनावों में अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा ने ही रेखा गुप्ता को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा और इस प्रस्ताव पर बीजेपी के सभी विधायकों ने अपनी सहमति जताई। अब रेखा गुप्ता 20 फरवरी यानी आज रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। दरअसल बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद, ओपी धनखड़, दिल्ली बीजेपी प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा और अन्य के साथ रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। हालांकि वो और उनके कैबिनेट मंत्री आज रामलीला मैदान में पद की शपथ लेंगे।

बता दे सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद वो दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। साथ ही शपथ लेने पर वो ममता बनर्जी के साथ देश की दूसरी मौजूदा महिला मुख्यमंत्री होंगी. इतना ही नहीं बल्कि वह वर्तमान में बीजेपी शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। वही सूत्रों की मानें तो रेखा गुप्ता की कैबिनेट में 6 मंत्री शामिल होंगे। कैबिनेट में जगह पाने वाले संभावित मंत्रियों की लिस्ट में प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्रराज सिंह, पंकज सिंह और आशीष सूद का नाम शामिल हैं। हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों का ये भी कहना है कि प्रवेश वर्मा को दिल्ली का डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी, उनके कैबिनेट सहयोगियों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित लगभग 50,000 लोग आज उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे और इस समारोह के लिए शहर के मध्य, उत्तर और नई दिल्ली क्षेत्रों में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.