दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए DMRC से 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने को कहा है। यह व्यवस्था स्थिति सामान्य होने तक लागू रह सकती है। यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाया गया है। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और नई दिल्ली जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की आशंका के बीच पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात करने, प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग और शहर के अलग-अलग जिलों में डिटेंशन सेंटर तैयार करने की योजना बनाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 23 हजार केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों को दिल्ली पुलिस की सहायता के लिए उपलब्ध कराया गया है। वहीं, मेट्रो और सड़क यातायात पर भी असर पड़ने की आशंका है। ऐसे में दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो और ट्रैफिक से जुड़े ताजा अपडेट जरूर देख लें।