उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 26 से 28 सितंबर तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। 26 सितंबर को बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मौसम विभाग ने 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई गई है। लगातार बारिश से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने, सड़कें बंद होने और नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है। चारधाम यात्रा, हेली सेवाओं और पर्वतारोहण अभियानों पर भी असर पड़ सकता है। प्रशासन ने यात्रियों और पर्यटकों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने और संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने की अपील की है।