नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। बुधवार सुबह दिल्ली पुलिस ने CJP नेता आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्या शिंदे को SEM कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आशुतोष रांका और सौरव दास को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। तीनों नेताओं को दिल्ली पुलिस ने प्रिवेंटिव अरेस्ट किया था। इस कार्रवाई के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और पुलिस की भूमिका को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में है।
सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने दलील दी कि आरोपियों ने शांति भंग की और पहले से तय बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किया। पुलिस के मुताबिक, नेताओं ने प्रदर्शन के लिए लोगों को बुलाया था, जिसके आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। फिलहाल, कोर्ट ने आशुतोष रांका और सौरव दास को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के बाद दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन की जगह और अनुमति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।