देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन सड़क परियोजना के लिए प्रस्तावित हजारों पेड़ों की कटाई को लेकर जारी विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने फिलहाल पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परियोजना पर आगे बढ़ने से पहले स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों और अन्य सभी हितधारकों के साथ विस्तृत संवाद किया जाएगा। मुख्यमंत्री का कहना है कि उत्तराखंड के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जनता की भावनाओं का सम्मान भी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाल के दिनों में इस परियोजना के विरोध में पर्यावरणविदों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने लगातार प्रदर्शन किए थे। उनका कहना था कि सड़क चौड़ीकरण के लिए बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई से पर्यावरण और वन्यजीवों पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और संबंधित अधिकारियों को सभी पक्षों के साथ नए सिरे से बातचीत शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का कहना है कि जब तक सभी हितधारकों के बीच विश्वास का माहौल और संतोषजनक सहमति नहीं बन जाती, तब तक पेड़ों की कटाई नहीं की जाएगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क परियोजना राज्य के विकास, यातायात सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है, लेकिन पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की अनदेखी नहीं की जाएगी। दूसरी ओर, पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह जनभावनाओं की जीत है। हालांकि उन्होंने मांग की है कि केवल कटाई रोकना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे परियोजना की पर्यावरणीय दृष्टि से दोबारा समीक्षा भी की जानी चाहिए, ताकि विकास और प्रकृति के बीच संतुलन कायम रखा जा सके।