महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा रोड स्थित पूनम क्लस्टर सोसाइटी में बकरीद से पहले माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पिछले कई दिनों से सोसाइटी में बलि के बकरों को लाने को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी है और करीब 200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने सोसाइटी परिसर में बकरों को लाने का विरोध किया।
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि इलाके में तनाव फैल गया। हालात को संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा और भीड़ जमा होने व नारेबाजी पर रोक लगा दी गई।इस पूरे विवाद ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध के दौरान सोसाइटी परिसर में एक सुअर लाने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी सुअर के बच्चे को अपने हाथो में लेकर भीड़ से बचाते हुए और भागते हुए नजर आए। कुछ लोग उनसे सुअर छीनने की कोशिश भी करते दिखे।
इस घटना के बाद इलाके का माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।बकरीद जैसे धार्मिक त्योहार के समय हुई इस घटना ने समाज में बढ़ती कट्टरता और आपसी भेदभाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं। कुछ लोग बकरों को लेकर विरोध कर रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ कई लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि जब दूसरे त्योहारों और मौकों पर खुद मांसाहार किया जाता है, तब धर्म और परंपरा की बातें क्यों नहीं होतीं।समाज के जानकारों का कहना है कि अगर इसी तरह धर्म के नाम पर एक-दूसरे को निशाना बनाया जाता रहा, तो इसका असर आने वाले समय में समाज की शांति और भाईचारे पर पड़ सकता है।
छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता विवाद कभी भी बड़े सांप्रदायिक तनाव का रूप ले सकता है। इससे आम लोगों की जिंदगी, बच्चों का माहौल और समाज की एकता सबसे ज्यादा प्रभावित होती है।भारत हमेशा से अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों का देश रहा है। यहां हर धर्म और आस्था का सम्मान करना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।
ऐसे में जरूरत इस बात की है कि लोग एक-दूसरे की भावनाओं को समझें और विवाद की जगह बातचीत और समझदारी से समाधान निकालें।फिलहाल पुलिस और प्रशासन लगातार इलाके में निगरानी बनाए हुए हैं और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहें और भड़काऊ बातें फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।