भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे मुकाबले में पिच का मिजाज बदलते ही बल्ले ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया, जबकि बॉल का असर फीका रहा।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी कंगारू टीम की ओर से पीटर हैंड्सकॉम्ब 17 रन, स्टीव स्मिथ 38 रन, मार्नस लाबुशेन 3 और ट्रेविस हेड 32 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने दो विकेट चटकाए, जबकि रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को एक-एक विकेट मिला।

टॉप-मिडिल ऑर्डर पर तीन साझेदारी
ऑस्ट्रेलियाई टीम की शानदार शुरुआत में टॉप-मिडिल ऑर्डर पर पनपी साझेदारियों का अहम योगदान रहा। ख्वाजा के अलावा उसका कोई और बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं कर सका, लेकिन ख्वाजा ने तीन अर्धशतकीय साझेदारियां की। उन्होंने ओपनर ट्रेविस हेड (32 रन) के साथ 61 रन, स्टीव स्मिथ (38 रन) के साथ 79 रन और कैमरून ग्रीन (49 रन नाबाद) के साथ नाबाद 85 रन जोड़े हैं।