कन्हैयालाला के समर्थन में पोस्ट लिखने के बाद से गुजरात में एक और शक्स को धमकी मिलने लगी है। आपको बता दें कि सुरत के रहने वाले युवराज पोखराना नामक शख्स को गला काटने की धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद से युवक के साथ-साथ उसके परिवार में दहशत का माहौल बन गया है। सतर्कता बरतते हुए पोखराना नामक शख्स ने पुलिस थाने में FIR दर्ज करवाई है और खुद के साथ-साथ परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है।
दरअसल पोखराना का कहना है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर दर्जी की हत्या को लेकर कुछ प्रतिक्रिया दी थी जिसके बाद उन्हें भी जान से मारने की धमकी मिली है। पोखराना ने कहा कि उन्होंने सूरत पुलिस से बात की है और एफआईआर दर्ज कराई है। शख्स ने दावा करते हुए कहा कि मैंने कोई उकसाने वाली प्रतिक्रिया नहीं दी थी। बस मैंने लिखा था कि एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा कन्हैयालाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इससे उस समुदाय के कुछ लोग नाराज हो गए और उन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।
बता दें कि उदयपुर में भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट लिखने वाले पेशे से दर्जी कन्हैयालाल की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद से पूरे देश में माहौल गरम है। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद कन्हैया ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। लेकिन पुलिस ने सुरक्षा देने की जगह समझौता करवा दिया था।
Date- 01.07.2022
By- Kashish Rawat