रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनकटिया में पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डरों की चपेट में आकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर लौट रहे यात्रियों का वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान महाराष्ट्र की एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक समेत अन्य 10 यात्री घायल हो गए, जिसमें एक 12 वर्ष का छोटा बच्चा भी शामिल हैं। आपको बता दें कि वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे के बाद घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनप्रयाग अस्पताल में भर्ती किया गया है। जतो वही कुछ यात्रियों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग के लिए रेफर किया गया है।

दरअसल घटना बुधवार के दिन हुई। जिस दौरान केदारनाथ के दर्शन कर अपराह्न 3.30 बजे महाराष्ट्र, बिहार व नेपाल के 10 यात्री गौरीकुंड पहुंचे। यहां से वह शटल सेवा के जरिए लगभग सवा चार बजे सोनप्रयाग के लिए रवाना हुए। बमुश्किल से वाहन दो किमी आगे ही पहुंच पाया था कि मुनकटिया में पहाड़ी से भरभराकर भारी बोल्डर व पत्थर वाहन के ऊपर जा गिरे, जिससे सभी यात्री वाहन में ही फंस गए।
इस दौरान वाहन के आगे का हिस्से के परखच्चे उड़ गए । गनीमत रही कि सड़क किनारे रेलिंग के चलते वाहन अटक गया, अन्यथा डेढ़ सौ मीटर नीचे मंदाकिनी नदी में गिरता। बता दें कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर कर्ण सिंह रावत के नेतृत्व में दस सदस्यीय रेस्क्यू टीम ने वाहन में फंसे यात्रियों को निकालना शुरू किया। आपको बता दें कि शव को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को आयरन कटर से वाहन का एक हिस्सा काटना पड़ा। इंस्पेक्टर कर्ण सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि एक साथ टनों बोल्डर व पत्थर वाहन के ऊपर गिरने से यह हादसा हुआ है। रेस्क्यू दल में हेड कांस्टेबल हरीश भंडारी, कांस्टेबल सुभाष, गोविंद, कुलदीप, अरविंद, भूपेंद्र, जगदीश, किशोर और पैरामैडिक अमृत रावत ने अहम भूमिका निभाई। तो दूसरी तरफ जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मृतका महिला यात्री के शव का पंचनामा भरकर सोनप्रयाग पुलिस द्वारा जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है।
Date – 30June 2022
By – Kiran Rawat