देश के कुछ राज्यों में मॉनसून की बारिश हो रही है तो कहीं प्री मॉनसून गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. इस बीच पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट है साथ ही उत्तराखंड में हो रही बारिश की वजह से नेशनल हाईवे सहित 88 सड़कें बंद हो गई । इससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता अयाज अहमद ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने के लिए 233 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार सोमवार तक राज्य में 64 सड़कें बंद थी..लेकिन बुधवार को हुई बारिश से 60 अन्य सड़कें भी बंद हो गई। हालांकि दिनभर में विभाग की ओर से बंद में से 36 सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया। जिससे अब राज्य में 88 सड़कें बंद चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इन सड़कों को खोलने के प्रयास चल रहे हैं।
साथ ही बारिश के बाद सड़कें बंद होने से तीर्थ यात्रियों की भी मुश्किलें दोगुनी हो गईं है। सड़क बंद होने से यात्रियों को सड़क पर ही रात गुजारनी पड़ रही है। प्रशासन द्वारा बंद सड़कों को खोलने को युद्धस्तर पर कार्य किया गया है, ताकि यात्रियों की मुश्किल कम हो सके। विभागीय सूत्रों की मानें तो पर्वतीय जिलों में खराब मौसम बंद सड़कों को खोलने में बाधा बन रहा है। बता दें कि उत्तराखंड के सीमांत इलाकों में भी भारी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है.
Date: 29-June-2022
Penned by Naina