रूडकी के भगवानपुर क्षेत्र निवासी एक छात्रा को चाकू दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहा था। भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी एक युवती एक कालेज में बीए की छात्रा है। छात्रा के एक रिश्तेदार संजय निवासी अंबेहटा चांद, थाना बड़गांव जिला सहारनपुर, UP का उनके यहां आना-जाना है।
आरोप है कि 10 मई 2021 को संजय छात्रा के घर आया। उस दिन छात्रा के घर पर कोई नहीं था और संजय ने चाकू दिखाकर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। 10 फरवरी 2022 को संजय छात्रा के कालेज में पहुंचा और साथ चलने के लिए उस पर दबाव बनाने लगा। जब छात्रा ने मना किया तो उसने उसे बदनाम करने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपी उसे अपनी रिश्तेदारी में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन छात्रा को उसके गांव के बाहर छोड़कर फरार हो गया। 24 मार्च को संजय ने छात्रा के घर फोन किया तो उसकी भाभी ने फोन उठाया। संजय ने उसे बताया कि 17 फरवरी 2022 को उसने छात्रा से शादी कर ली है। इस मामले में पुलिस से शिकायत की गई। भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में संजय पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और पुलिस आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
Date : 4-May-2022
Penned by Reeta Joshi