देहरादून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को लेकर दिए गए ‘घुसपैठिया’ वाले बयान पर विवाद बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा, “उत्तर प्रदेश में सबसे बड़े घुसपैठिए कौन हैं? उत्तराखंड के…” उनके इस बयान पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि के स्वाभिमान और राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष का अपमान है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां के लोगों ने अलग राज्य के लिए लंबा संघर्ष किया और अनेक बलिदान दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए उनके पिता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में हुए रामपुर तिराहा गोलीकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा था, तब मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाई गई थीं। धामी ने अखिलेश यादव से अपने बयान पर उत्तराखंड के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और कांग्रेस से भी पूछा कि क्या वह अपने राजनीतिक सहयोगी के बयान से सहमत है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने सफाई देते हुए कहा कि अखिलेश यादव की टिप्पणी उत्तराखंड के सभी लोगों के लिए नहीं, बल्कि एक व्यक्ति के संदर्भ में थी। पार्टी ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव उत्तराखंड के लोगों का सम्मान करते हैं और राज्य से उनका भावनात्मक जुड़ाव है।