40 साल बाद कांग्रेस से रमेश चंद्र उनियाल का इस्तीफा, संगठन में संवादहीनता को बताया वजह

By New31 Uttarakhand

उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री रमेश चंद्र उनियाल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। मुनिकीरेती निवासी उनियाल ने करीब 40 साल तक कांग्रेस से जुड़े रहने के बाद पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी दायित्वों से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। अपने इस्तीफे में उन्होंने संगठन के भीतर संवाद और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर गंभीर चुनौतियों का जिक्र किया है। उन्होंने साफ किया कि उनका फैसला किसी व्यक्ति विशेष से व्यक्तिगत मतभेद के चलते नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक और जनसेवा की प्राथमिकताओं को देखते हुए है।

रमेश चंद्र उनियाल कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह युवक कांग्रेस, शहर कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल और प्रदेश कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहे, जबकि 2014 से 2016 तक उत्तराखंड सरकार में उच्च शिक्षा विभाग में राज्य मंत्री स्तर के उपाध्यक्ष भी रहे। इस्तीफे के बाद उन्होंने फिलहाल किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि वह खुद को किसी एक दल तक सीमित नहीं करना चाहते और आने वाले समय में सक्षम और बेहतर उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। 40 साल पुराने रिश्ते को खत्म करने के फैसले को उन्होंने आसान नहीं बताया, लेकिन कहा कि अब वह खुद को पहले से ज्यादा आजाद महसूस कर रहे हैं। उनके इस्तीफे के बाद टिहरी और ऋषिकेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.