बागेश्वर के पंडित बद्रीदत्त पांडे परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। विभिन्न पदों के लिए कुल 18 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन जांच के दौरान अध्यक्ष पद के NSUI प्रत्याशी राहुल कुमार का नामांकन अवैध घोषित कर दिया गया। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक उनके शपथ पत्र के बिंदु संख्या सात में दी गई जानकारी गलत पाई गई। नामांकन रद्द होने के बाद अध्यक्ष पद पर अब ABVP के उमेश शाही ही मैदान में रह गए हैं, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।
नामांकन रद्द होने की जानकारी सामने आते ही NSUI कार्यकर्ताओं ने परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला समेत NSUI के पदाधिकारी भी परिसर पहुंचे, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल बढ़ाया गया। वहीं, अध्यक्ष पद के अलावा उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, सांस्कृतिक सचिव और विद्यालय प्रतिनिधि पदों पर अन्य प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद का मुकाबला खत्म होने के बाद अब बाकी पदों के चुनाव को लेकर कैंपस की सियासी सरगर्मी बनी हुई है।