“रेत के साम्राज्य की खूनी जंग में भाजपा नेता लल्ला सिंह को कार में जिंदा जला दिया गया , 3 मौतों से छत्तीसगढ़ दहल उठा है ,छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में रेत उत्खनन और परिवहन के वर्चस्व को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस वारदात में भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भारत सिंह गहरवार उर्फ लाला सिंह समेत तीन लोगों की मौत हो गई।प्रारंभिक जांच के अनुसार, मंगलवार रात भारत सिंह उर्फ लाला सिंह अपने साथियों के साथ विवाद सुलझाने और बातचीत के उद्देश्य से नौगई गांव पहुंचे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को आगे और पीछे से ट्रकों के बीच फंसा दिया, जिससे वाहन बाहर नहीं निकल सका।आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
आग इतनी तेजी से फैली कि लाला सिंह वाहन से बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। वहीं उनके साथ मौजूद अन्य लोगों पर भी हमला किया गया।इस वीभत्स घटना में भारत सिंह उर्फ लाला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उनके चचेरे भाई नागेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं वीरेंद्र सिंह की भी अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।घटना में मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है।पुलिस जांच में सामने आया है कि क्षेत्र में रेत खदान का ठेका लाला सिंह के परिवार से जुड़े लोगों के पास था। दूसरी ओर त्रिपाठी परिवार रेत परिवहन और उससे जुड़े कारोबार में सक्रिय था। दोनों पक्षों के बीच रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और आर्थिक हितों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले भी दोनों पक्षों के बीच झड़प और विवाद हुआ था। इसके बाद रात में हालात हिंसक हो गए और मामला तिहरे हत्याकांड तक पहुंच गया।घटनास्थल के पास 11 केवी बिजली लाइन का खंभा टूटने के कारण शुरुआत में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही थी। हालांकि फॉरेंसिक जांच में स्पष्ट हो गया कि वाहन में जानबूझकर आग लगाई गई थी।
इसके बाद पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और आगजनी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे के अनुसार, इस मामले में कुल 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, मनोज त्रिपाठी और सत्यप्रकाश त्रिपाठी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।बाकी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।भारत सिंह उर्फ लाला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली राजनीतिक नेताओं में गिने जाते थे। वे पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष रह चुके थे और भाजपा से जुड़े हुए थे। उनकी क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी।इस तिहरे हत्याकांड के बाद पूरे कोरिया जिले में आक्रोश और तनाव का माहौल है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए हैं तथा कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।फिलहाल पुलिस और विशेष जांच टीम पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस खूनी संघर्ष के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और इसके वास्तविक कारण क्या थे।