हरिद्वार किडनैपिंग केस: 3 लाख के लालच में उठाई गई 4 महीने की बच्ची!

By New31 Uttarakhand

रात को मां-बाप के साथ सो रही 4 महीने की मासूम… लेकिन सुबह जब आंख खुली तो बच्ची बिस्तर से गायब थी। हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र से सामने आई इस घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इटावा से गंगा स्नान के लिए आए एक परिवार की 4 महीने की बच्ची का उस समय अपहरण कर लिया गया, जब पूरा परिवार विष्णु घाट के पास सो रहा था। सुबह बच्ची के गायब होने का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस हरकत में आई और बच्ची की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की पहचान की और लगातार कई दिनों तक अभियान चलाया।

करीब 10 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने बच्ची को बहादराबाद क्षेत्र की एक झोपड़ी से सकुशल बरामद कर लिया। जांच में जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने तीन लाख रुपये के लालच में बच्चा चोरी की साजिश रची थी। उन्हें किसी दंपति को बेटा उपलब्ध कराना था, लेकिन अंधेरे में उन्होंने लड़का समझकर 4 महीने की बच्ची का अपहरण कर लिया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। राहत की बात यह रही कि मासूम पूरी तरह सुरक्षित मिली। इस सफल ऑपरेशन के बाद हरिद्वार पुलिस की जमकर सराहना हो रही है, जबकि आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच जारी है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.