कैंची धाम जाने वालों के लिए जरूरी खबर, 14-15 जून को ऐसे चलेगा ट्रैफिक

By New31 Uttarakhand

कैंची धाम मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर! अगर आप 15 जून को बाबा नीम करौली के दर्शन करने जा रहे हैं, तो पहले यह ट्रैफिक प्लान जरूर जान लीजिए, वरना रास्ते में घंटों जाम में फंस सकते हैं। कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को लेकर नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। 14 और 15 जून को मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बाहरी दोपहिया वाहनों की पर्वतीय क्षेत्रों में एंट्री पर रोक लगाई गई है। ऐसे वाहनों को काठगोदाम और कालाढूंगी में रोका जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम भेजा जाएगा। प्रशासन ने इस बार पिछले साल की तुलना में दोगुनी शटल सेवा चलाने का फैसला किया है। हल्द्वानी, काठगोदाम, नैनीताल, भवाली, भीमताल, खैरना, गरमपानी और कालाढूंगी समेत कई स्थानों से 500 से अधिक छोटी-बड़ी शटल गाड़ियां संचालित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिल सके।

मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रशासन ने 15 अलग-अलग पार्किंग स्थल भी चिन्हित किए हैं, जहां श्रद्धालुओं के वाहन खड़े कराए जाएंगे और वहां से उन्हें शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। हल्द्वानी से कैंची धाम तक बस का किराया 150 रुपये और मैक्स का 200 रुपये तय किया गया है, जबकि भीमताल से 100 रुपये और भवाली से 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने पार्किंग स्थलों पर पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, रोशनी और सफाई की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त पुलिस बल, ड्रोन निगरानी और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन का अनुमान है कि इस बार मेले में 2.5 से 3 लाख श्रद्धालु पहुंच सकते हैं, इसलिए सभी से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.