मुरादाबाद के आबादी वाले लाल बाग इलाके में बड़ा हादसा हो गया। एक मकान की तीसरी मंजिल की छत पर रखा गैस सिलिंडर तेज गर्मी और पास में लगी एसी की आउटडोर यूनिट की गर्म हवा के कारण फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि सिलिंडर के टुकड़े करीब 100 मीटर दूर तक जा गिरे। आसपास के कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।यह घटना लालबाग के कहारों वाले मंदिर के पास गली नंबर एक में रहने वाले मोहम्मद इमरान के घर पर हुई।
उनके घर में मेहमान आए हुए थे।गर्मी अधिक होने की वजह से छत पर खाना बनाया गया था। खाना खाने के बाद गैस सिलिंडर और बाकी का सामान छत पर ही छोड़ दिया गया।दोपहर एक बजे तेज धूप और एसी की आउटडोर यूनिट से निकल रही गर्मी के कारण सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके से छत की दीवार टूट गई और सिलिंडर के टुकड़े पड़ोसी मकानों तक जा पहुंचे। कई घरों की छतों और दीवारों को नुकसान पहुंचा।पड़ोसी दीपक दिवाकर के घर की पानी की टंकी सिलिंडर के टुकड़े लगने से फट गई। वहीं अन्य कई लोगों के मकानों में भी दरारें पड़ गईं। हादसे के समय तेज गर्मी के कारण लोग अपने घरों के अंदर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस समय छतों या गलियों में लोग मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग डर गए और घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिलिंडर छत पर रखा था और उसके पास एसी की आउटडोर यूनिट लगी थी। तेज धूप और गर्म हवा के कारण सिलिंडर फट गया। उन्होंने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।दमकल विभाग के अनुसार, जिस गली में हादसा हुआ वहां फायर ब्रिगेड की बड़ी गाड़ी पहुंचने में दिक्कत हुई, इसलिए एक बाइक यूनिट भी मौके पर भेजी गई थी । राहत की बात यह रही कि विस्फोट के बाद आग नहीं लगी।