मेगास्टार रजनीकांत ने युवाओं को दी अहम सलाह, कहा — ‘पढ़ाई और भविष्य पर रखें फोकस,नशे-शराब से रहो दूर

मेगास्टार रजनीकांत ने युवाओं को दी अहम सलाह, कहा ‘पढ़ाई और भविष्य पर रखें फोकस’,नशे-शराब से रहो दूर
By New31 Uttarakhand

चेन्नई, 8 अप्रैल 2026: 75 साल की उम्र में भी दक्षिण भारतीय सिनेमा के मेगास्टार रजनीकांत फिल्मों में सक्रिय हैं और अपनी ऊर्जा तथा सकारात्मक संदेश से लगातार युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं। हाल ही में चेन्नई एयरपोर्ट के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान रजनीकांत ने युवाओं से जीवन के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाने और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।

रजनीकांत ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपनी पढ़ाई और भविष्य पर पूरा ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर युवा गलत रास्तों, जैसे नशे या शराब जैसी बुरी आदतों में फंस गए तो उनकी जिंदगी मुश्किलों से भर सकती है और परिवार को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

रजनीकांत ने आगे कहा, “युवाओं को अपनी शिक्षा और भविष्य पर ध्यान देना चाहिए। स्वस्थ रहें। नशे या शराब के आदि न बनें। अगर आपको चोट लगी तो यह सिर्फ आपका ही नहीं, आपके माता‑पिता और परिवार का भी नुकसान है। जिंदगी न सिर्फ आपके लिए, बल्कि आपके प्रियजनों के लिए भी नर्क बन सकती है। अगर आपका कोई दोस्त नशा करता है तो उसके पास न जाएं।”

फिल्मी मोर्चे पर रजनीकांत की कमजोर नहीं है चाल

साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और अब यह पोस्ट‑प्रोडक्शन के अंतिम चरण में है। यह फिल्म 2023 की सुपरहिट तमिल फिल्म का बहुप्रतीक्षित सीक्वल है और इसके निर्देशन का कार्य नेल्सन दिलीप कुमार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म 12 जून 2026 को रिलीज़ होने की उम्मीद है। इस बार रजनीकांत ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन की भूमिका में लौटेंगे और शाहरुख खान तथा मिथुन चक्रवर्ती जैसे बड़े सितारों के कैमियो की खबरें सुर्खियों में हैं।

इसके अलावा रजनीकांत अपनी आने वाली बहुप्रतिक्षित फिल्म ‘थलाइवर 173’ पर भी काम कर रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन सिबी चक्रवर्ती कर रहे हैं और इसे कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी द्वारा निर्मित किया जा रहा है। इस परियोजना की शूटिंग अप्रैल 2026 में शुरू हो चुकी है और संभावना जताई जा रही है कि फिल्म पोंगल 2027 के दौरान रिलीज़ हो सकती है।

रजनीकांत न केवल अपनी स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक विचारों के लिए प्रेरणा हैं, बल्कि नए प्रोजेक्ट्स और फिल्मों के ज़रिये भी इंडस्ट्री में अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति बनाए हुए हैं।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.