हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी गांव में होली का त्योहार उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब रंग खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में स्थिति और बिगड़ गई और दोनों ओर से पथराव भी होने लगा, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि झड़प के दौरान करीब 50 से अधिक लोग मौके पर मौजूद थे और कई लोग इस हिंसा में घायल हो गए।
घटना का वीडियो गांव के एक युवक ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ महिलाएं भी मौके पर दिखाई दे रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।