देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकी खतरे के साए में है। खुफिया एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि लश्कर-ए-तैयबा राजधानी में बड़े हमले की साजिश रच सकता है। आतंकियों के निशाने पर ऐतिहासिक धरोहर लाल किला और चांदनी चौक स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल बताए जा रहे हैं। इनपुट्स के मुताबिक IED ब्लास्ट की आशंका जताई गई है।
अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। लाल किला और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, CCTV निगरानी, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते तैनात किए गए हैं। हर संदिग्ध गतिविधि और वाहन की सघन जांच की जा रही है।
दरअसल, लाल किला पहले भी आतंकियों के निशाने पर रह चुका है। 10 नवंबर 2025 को यहां कार बम धमाके में 12 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण और पुलिस ने आतंकी मॉड्यूल का खुलासा कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए धमाके के बाद आतंकी संगठन बदले की कार्रवाई की फिराक में है। इसी के तहत दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने की साजिश रची जा रही है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। अब सवाल यही है—क्या ये सिर्फ धमकी है या राजधानी को दहलाने की बड़ी साजिश?