आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में आज यानी 23 फरवरी को भारतीय टीम की टक्कर पाकिस्तान से है. यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में है और इस मुकाबले में पहले पाकिस्तानी टीम बल्लेबाजी कर रही है. पाकिस्तान का स्कोर 27 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 116 रन है. सऊद शकील 38 और मोहम्मद रिजवान 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं. भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 6 विकेट से रौंदा था. जबकि पाकिस्तानी टीम को शुरुआती मुकाबले में न्यूजीलैंड के हाथों हार मिली थी. भारतीय टीम इस मुकाबले को जीतकर सेमीफाइनल की दावेदारी को पुख्ता करना चाहेगी।
मुकाबले में पाकिस्तानी टीम की शुरुआत सधी रही. बाबर आजम और इमाम उल हक ने मिलकर पहले विकेट के लिए 41 रनों की पार्टनरशिप की. मोहम्मद शमी ने भी दिशाहीन गेंदबाजी करके भारत का काम मुश्किल किया. शमी ने मैच के पहले ही ओवर में पांच वाइड फेंके. भारतीय टीम को पहली सफलता हार्दिक पंड्या ने दिलाई, जिन्होंने 9वे ओवर की दूसरी बॉल पर बाबर आजम को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया. बाबर ने 26 गेंदों पर 23 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे. फिर दूसरे ओपनर इमाम उल हक (10) को अक्षर पटेल ने रॉकेट थ्रो पर रनआउट किया।
चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान पांच बार आमने-सामने हुए हैं, जहां पाकिस्तान भारतीय टीम को तीन बार हराकर बढ़त हासिल किए हुए है. 2004 में इंग्लैंड, 2009 में साउथ अफ्रीका और 2017 में लंदन के द ओवल में हुए फाइनल में पाकिस्तानी टीम जीती थी. वनडे में दोनों देशों के बीच कुल 135 वनडे खेले हैं. 57 बार भारत और 73 बार पाकिस्तान जीता. 5 मैचों का रिजल्ट नहीं निकल पाया। चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप-ए में रखा गया है. उनके साथ बाकी दो टीमें न्यूजीलैंड और बांग्लादेश हैं. जबकि ग्रुप-बी में साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और इंग्लैंड को रखा गया है. सभी 8 टीमें अपने-अपने ग्रुप में 3-3 मुकाबले खेलेंगी. इसके बाद हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी. यदि कोई टीम फाइनल तक पहुंचती है, तो वो टूर्नामेंट में कुल 5 मैच खेलेगी।