हल्द्वानी लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे मे गाजियाबाद निवासी दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाईवे पर खड़े ट्रक से कार टकरा गई, जिससे ये हादसा हुआ। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना रात करीब एक बजे की है। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लालकुआं मिस्त्री लाइन के पास हाईवे पर बने कट पर एक ट्रक खराब हो गया। इसी दौरान खड़े ट्रक में रुद्रपुर की ओर से लालकुआं को आ रही कार घुस गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार में दो लोग बुरी तरह फंस गए। रात्रि चौकीदार व अन्य प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा काफी मशक्कत के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 की मदद से दोनों को हल्द्वानी सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त पंकज शर्मा निवासी लालबाग, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश व जगत सिंह निवासी सेक्टर 16 दिल्ली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों नैनीताल अपने भाई से मिलने जा रहे थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश फर्त्याल ने कहा कि हादसे वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही हैं।
हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, दो लोगों की मौत