उत्तराखंड के कोटद्वार में शुक्रवार शाम को बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ है। आपको बता दे लैंसडौन तहसील क्षेत्र में बरातियों से भरी जीप 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। दरअसल वाहन में चालक समेत कुल 15 लोग सवार थे। जिसमे से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। वही राजस्व उपनिरीक्षक रंजन बिष्ट और रजिस्ट्रार कानूनगो जयकृष्ण भट्ट ने बताया कि गुनियाल गांव निवासी रोहित गुसाईं की शुक्रवार को शादी थी और बसड़ा गांव से शाम को दुल्हन की विदाई हुई। इसी दौरान बरातियों से भरी मैक्स जीप सिसल्डी-सिलवाड़ मोटर मार्ग पर नौगांव के पास खाई में जा गिरी। सूचना पर लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य, पुलिस व एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुए। हालांकि घायलों को निकालने में स्थानीय छात्रों ने भी सहयोग किया। हादसे में तीन बरातियों मुकेश सिंह (35) निवासी गुनियाल, दुल्हे की मौसेरी बहन नूतन (35), धीरज सिंह (65) निवासी गुनियाल की मौत हो गई। जबकि 10 लोग घायल हैं। जिन्हे उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही की वाहन में सवार दोनों बच्चे सुरक्षित हैं।
वही हादसे की खबर लगते ही बसड़ा और गुनियाल गांव में मातम पसर गया। बसड़ा से हंसी खुशी विदा हुई बरात दूल्हे और दुल्हन को लेकर वापस गुनियाल गांव तो पहुंच गई, लेकिन दूल्हे की मौसेरी बहन नूतन की हादसे में मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया। और सभी लोग क्षेत्र की बदहाल सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं को इस हादसे के लिए कोसने लगे। लोगों ने कहा कि बदहाल सड़कें और लचार स्वास्थ्य सेवाएं लोगों के दर्द को और बढ़ा रहे हैं। हालांकि किसी तरह गुस्साए लोगों को शांत कराया गया। लोगों का कहना था कि हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए समय से एंबुलेंस तक नहीं मिली। वाहन चालक यदि शार्टकट से नहीं जाता तो शायद ये हादसा नहीं होता। साथ ही विधायक दिलीप रावत ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी और लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत भी अस्पताल में मौजूद थे।