रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर चौक पर शुक्रवार दोपहर एक ट्रक चालक ने स्कूटी सवार युवकों को कुचल दिया। वही इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा मामूली रूप से घायल हो गया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रक को घटनास्थल पर छोड़कर ही फरार हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, देहरादून के नाथूवाला निवासी सिवांकर बहुगुणा जिसकी उम्र 28 वर्ष थी वो अपने दोस्त विजेंद्र रावत के साथ स्कूटी से रायपुर की तरफ जा रहा था। लेकिन रायपुर चौक पर सड़क पार करते समय रायपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें स्कूटी के पीछे बैठा सिवांकर बहुगुणा ट्रक के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं इस हादसे में विजेंद्र रावत को हल्की चोटें आई है। हालांकि स्थानीय लोगों ने दोनों को ट्रक के नीचे से निकाला और पुलिस को सूचना दी। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सिवांकर की डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। उधर, पूरे हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें पूरा हादसा कैद हुआ है।