जम्मू-कश्मीर में पिछले एक महीने के अंदर आतंकी घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। दरअसल सबसे पहले 9 जून को आतंकियों ने जम्मू के रियासी में तीर्थयात्रियों से भरी बस को निशाना बनाया, जिसमें 9 लोग मारे गए। फिर, आतंकियों ने कठुआ में 8 जुलाई को सेना की गाड़ी को टारगेट किया, जिसमें 5 जवान शहीद हो गए थे। जिसके बाद नौशेरा में 10 जुलाई को आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की, हालांकि वह नाकामयाब रही। लेकिन 16 जुलाई यानी की आज आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के 4 जवान शहीद हो गए और एक पुलिसकर्मी की भी मौत हो गई। आपको बता दे पिछले एक महीने के अंदर आतंकी 7 बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, जिनमें 12 जवान शहीद हुए हैं और 9 आम नागरिकों की मौत हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को करीब नौ बजे जम्मू संभाग के डोडा जिले में आतंकवादियों से सेना के जवानों का सामना हुआ और इसके बाद भारी गोलीबारी भी चली। हालांकि जवानों द्वारा अभी भी आतंकवादियों की तलाशी का अभियान जारी है। दरअसल हाल ही में कठुआ जिले में हुए आतंकी हमले के बाद से सुरक्षाबलों की टीमें जम्मू रीजन के अलग-अलग इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इसी कड़ी में डोडा के घने जंगलों में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है. जिस दौरान आतंकियों ने फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई है। वही अधिकारियों का कहना है की आतंकियों की मौजूदगी के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिली थी जिसके आधार पर सोमवार की शाम को डोडा के उत्तरी क्षेत्र में भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया था।