लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव आयोग ने सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। जिसके अंतर्गत 10 जुलाई को उत्तराखंड की 2 विधानसभा बद्रीनाथ और मंगलौर पर उपचुनाव होंगे। आपको बता दे उत्तराखंड की दो विधानसभाओं पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। जिसमे बीजेपी ने बद्रीनाथ विधानसभा से राजेंद्र सिंह भंडारी और मंगलौर विधानसभा से फरीदाबाद के करतार सिंह भड़ाना को टिकट दिया है। दरअसल साल 2022 के चुनाव में बद्रीनाथ विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में थी और इस सीट पर राजेंद्र भंडारी ने चुनाव जीता था। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में राजेंद्र भंडारी ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया और उनके बीजेपी में जाने से यह सीट खाली हो गई।
वहीं हरिद्वार लोकसभा के अंतर्गत आने वाली मंगलौर विधानसभा सीट बसपा विधायक सरवत करीम अंसारी के निधन के बाद खाली हुई। बता दे लोकसभा 2024 के रिजल्ट को देखते हुए बीजेपी इन दोनों सीटों पर जीत हासिल करना चाहती हैं, लेकिन उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा भी इन सीटों के लिए डेरा जमाए हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि हम जल्द ही अपने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने के बाद बद्रीनाथ और मंगलौर में प्रत्याशियों की घोषणा करेंगे। हालांकि हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा सीट पर बीजेपी ने होशियार सिंह चम्बयाल को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं हमीरपुर विधानसभा सीट से आशीष शर्मा और नालागढ़ से पार्टी ने कृष्ण लाल ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट से पार्टी ने कमलेश शाह को उम्मीदवार बनाया है।