महाराष्ट्र के अम्बेनाली घाट में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित घाट मार्ग पर एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार आठ युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 2:45 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में घाट के मोड़ से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के दौरान कार में सवार युवक मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन अंधेरा और खाई की गहराई के कारण तत्काल सहायता पहुंचाना संभव नहीं हो सका।घटना की सूचना मिलते ही पोलादपुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम, सिस्केप महाड, आपदा मित्र और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खाई अत्यंत गहरी और दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पुलिस और बचाव दल को शवों की लोकेशन पता लगाने के लिए दूरबीन का सहारा लेना पड़ा।
बाद में रस्सियों की मदद से शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी मृतक असगांव गांव के निवासी थे। वे कोंकण क्षेत्र में छुट्टियां बिताने के बाद अपने घर सतारा लौट रहे थे।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यू शिंगटे (25) और नितीन किसन नायकोंडे (35) के रूप में हुई है।इस हादसे ने वर्ष 2018 में इसी घाट पर हुए उस भीषण दुर्घटना की यादें ताजा कर दी हैं, जब दापोली कृषि विश्वविद्यालय की बस गहरी खाई में गिर गई थी और कई लोगों की मौत हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अम्बेनाली घाट का यह मार्ग बेहद खतरनाक है और यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं।फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।