महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मॉनसून की एंट्री के साथ ही बारिश ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों में हुई मूसलाधार बारिश ने मायानगरी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। शहर की कई सड़कें पानी में डूब गई हैं, जबकि कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।बांद्रा, अंधेरी, दादर, मीरा रोड और भायंदर समेत कई क्षेत्रों में भारी जलभराव देखने को मिला। हालात इतने खराब हो गए कि मुंबई की ट्रांस हार्बर रेल सेवा को भी रोकना पड़ा।
कई अंडरपास पानी से भर गए, जिसके चलते यातायात बंद करना पड़ा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।अंधेरी के कुछ अंडरपासों में जलभराव के कारण बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने ट्रैफिक बंद कर कर्मचारियों को मौके पर तैनात किया है। वहीं सायन हाईवे के पास एवरार्ड नगर सबवे भी पानी में डूब गया, जिसके बाद इलाके से पानी निकालने के लिए पंपिंग का काम शुरू किया गया।