देहरादून में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर MBBS इंटर्न के बाद अब PG डॉक्टर भी हड़ताल में शामिल हो गए हैं। सरकारी मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न पहले से ही स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इंटर्न का स्टाइपेंड फिलहाल करीब 17 हजार रुपये प्रतिमाह है और वे इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग कर रहे हैं। अब देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग उठाई है।
PG डॉक्टरों की ओर से स्टाइपेंड को बढ़ाकर कम से कम 1 लाख रुपये प्रतिमाह करने की मांग की जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक ड्यूटी, मरीजों की जिम्मेदारी और लगातार काम के बावजूद मिलने वाला स्टाइपेंड उनकी मांग के अनुरूप नहीं है। MBBS इंटर्न के आंदोलन में प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों के करीब 600 इंटर्न शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि आपातकालीन सेवाओं को जारी रखा गया है। अब देखना होगा कि सरकार डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर क्या फैसला लेती है।