हल्द्वानी के बनभूलपुरा में रेलवे की जमीन से जुड़े विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को होने वाली सुनवाई को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने के साथ ड्रोन से इलाके पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। रेलवे की ओर से बनभूलपुरा क्षेत्र की करीब 29 एकड़ जमीन पर कब्जे का दावा किया जाता रहा है, जबकि इस जमीन पर लंबे समय से हजारों लोग रह रहे हैं। विवाद का असर करीब 4,365 परिवारों पर पड़ने की बात सामने आई है।
सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई लंबे समय से चल रही है। इससे पहले नैनीताल हाईकोर्ट ने रेलवे की जमीन से कथित अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था, जिस पर जनवरी 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी। अब अदालत की सुनवाई को लेकर बनभूलपुरा में लोगों की नजरें फैसले पर टिकी हैं। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट है, वहीं स्थानीय लोगों में अपने घरों और भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।