देहरादून में 1 सितंबर को कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमान और उनके रैली मंच के शुद्धिकरण के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सचिवालय कूच के लिए निकले। हालांकि, सुभाष रोड पर सचिवालय से पहले ही पुलिस ने डबल बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
बैरिकेडिंग के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने वाहन से अस्पताल लेकर गई।
हंगामा बढ़ने के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। कांग्रेस का आरोप है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खरगे की रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण कर उनका अपमान किया गया। पार्टी इस मामले को लेकर लगातार विरोध कर रही है। इससे पहले कांग्रेस ने इस मुद्दे पर मौन सत्याग्रह भी किया था। वहीं, इसी विवाद से जुड़े मामले में राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद कांग्रेस का विरोध और तेज हो गया है। अब देहरादून में हुए सचिवालय कूच के बाद यह मामला उत्तराखंड की सियासत में और गर्माता नजर आ रहा है।