बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर अपने चर्चित काला हिरण मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। विवादित फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ का फर्स्ट लुक शुक्रवार को जारी कर दिया गया, लेकिन रिलीज से पहले ही यह फिल्म कानूनी विवादों में घिर गई है। फिल्म को लेकर सलमान खान ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है और इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।
दरअसल, यह फिल्म कथित तौर पर साल 1998 के काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही है, जिसमें सलमान खान का नाम जुड़ा रहा है। हाल ही में जारी किए गए फिल्म के फर्स्ट लुक में मुख्य किरदार का नाम और लुक सलमान खान से मिलता-जुलता दिखाई देता है। इतना ही नहीं, किरदार के हाथ में अभिनेता के मशहूर नीले ब्रेसलेट जैसा ब्रेसलेट भी नजर आ रहा है, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान ने दिल्ली हाईकोर्ट में फिल्म के निर्माता अमित जानी, प्रोडक्शन हाउस जानी फायरफॉक्स फिल्म्स और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ अंतरिम राहत की मांग की है। अभिनेता का आरोप है कि फिल्म में उनके व्यक्तित्व और छवि का बिना अनुमति इस्तेमाल किया जा रहा है, जो उनके पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि फिल्म और उसके प्रचार-प्रसार की सामग्री दर्शकों को सीधे तौर पर सलमान खान की ओर इशारा करती है। इससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है और काला हिरण मामले से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।
सलमान खान ने अदालत से मांग की है कि मामले का अंतिम फैसला आने तक फिल्म के निर्माण, प्रचार, वितरण, स्ट्रीमिंग और रिलीज पर अस्थायी रोक लगाई जाए। अब इस मामले पर सभी की नजरें दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि विवादों में घिरी यह फिल्म रिलीज हो पाएगी या नहीं।