दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एक बार फिर प्रदर्शन को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की तारीख मांगने के लिए पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। CJP की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस उन्हें तारीख बताए। सौरव दास ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है और इस बार पुलिस को खुद प्रदर्शन की तारीख तय करने का मौका दिया जा रहा है।
CJP नेताओं ने दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर इस अवधि में प्रदर्शन की तारीख नहीं बताई गई, तो पार्टी खुद अगले प्रदर्शन का ऐलान करेगी। गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले CJP के नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया था। बाद में कोर्ट के आदेश पर उन्हें रिहा कर दिया गया। अब एक बार फिर प्रदर्शन की अनुमति और तारीख को लेकर CJP और दिल्ली पुलिस के बीच मामला गरमाता नजर आ रहा है।